रेडक्रॉस सोसाइटी के पूर्व वाइस चेयरमैन पवन टमकोरिया पर लगा यौन उत्पीड़न का आरोप, नगर थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी

image
REPORT BY: Anal kant mishra Fri, 06 Jun 2025 6:18 pm (IST)
प्रतिष्ठित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी देवघर शाखा के पूर्व वाइस चेयरमैन व सेवार्थ संस्था के अध्यक्ष पवन टमकोरिया पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। इस संबंध में नगर थाना में पीड़ित महिला ने एफआइआर दर्ज कराया है। दर्ज एफआइआर के अनुसार, आरोपी पवन टमकोरिया पिछले छह-सात महीने से पीड़ित महिला का यौन उत्पीड़न कर रहा था। आरोपी पीड़िता को रोज सुबह अश्लील मैसेज भेजता था और अनैतिक संबंध के लिए दवाब डालता था। इसके अलावे महिला के साथ लगातार छेड़खानी कर ब्लैकमेल करने का प्रयास की भी शिकायत की गई है। दिन में कई-कई बार महिला को फोन कर अश्लील मैसेज भी भेजने की शिकायत पीड़ित ने की है। पीड़ित महिला ने इस सब घटनाओं का साक्ष्य भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। वहीं पीड़ित की शिकायत के बाद नगर थाना में एफआइआर दर्ज कर लिया गया है। कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े रहे हैं पवन पवन टमकोरिया शहर के चर्चित समाजसेवी है। शहर के अधिकांश बड़े छोटे कार्यक्रम में वह अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं। अपने सामाजिक पृष्ठभूमि की आड़ में पवन प्रशासनिक अधिकारियों से भी निकटतम संबंध बनाने को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं। हालांकि, कई मौके पर पवन को भारी फजीहत का भी सामना करना पड़ा है, लेकिन इस मामले से पवन फिलहाल दागदार हुए हैं। फिलहाल मामले में अनुसंधान जारी है।