बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जलजमाव से लोगों की बढ़ी मुश्किलें

REPORT BY: Super Admin Tue, 16 Sep 2025 5:31 pm (IST)
चतरा(प्रातः आवाज)
जिले में लगातार हो रही बारिश ने जन जीवन बेहाल कर दिया है। मंगलवार को हुई हल्की लेकिन लगातार वर्षा के बाद शहर की कई मुख्य सड़कों और मोहल्लों में जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। बाजार क्षेत्रों में पानी भर जाने से लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। मोटरसाइकिल सवारों से लेकर पैदल चलने वालों तक सभी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित दिखे। बाजार से सामान लेकर लौट रही महिलाओं को और स्कूल जाने वाले बच्चों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। वहीं, वाहन चालकों को कीचड़ और पानी से भरी सड़कों पर संतुलन बनाने में दिक्कतें होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की उचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात का पानी सीधे सड़कों पर जमा हो जाता है।लोगों ने बताया कि यदि कोई चारपहिया वाहन तेज गति से गुजरता है, तो सड़क किनारे दुकानों और घरों में पानी चला जाता है। इससे न केवल आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। कई जगह सड़कों पर गड्ढे होने से स्थिति और खतरनाक हो गई है। जलजमाव के बीच इन गड्ढों का पता नहीं चल पाता और वाहन फंस जाते हैं।