कलशस्थापना के साथ दारू प्रखंड में नवरात्रि पूजा का शुभारंभ,

REPORT BY: Super Admin Mon, 22 Sep 2025 4:47 pm (IST)
दारू शारदीय नवरात्र की पावन बेला में सोमवार सुबह दारू प्रखंड में कलशस्थापना के साथ माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना का भव्य शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के बीच श्रद्धालुओं ने गंगा जल, आम्रपल्लव और नारियल से कलश स्थापित कर देवी मां की आराधना की।इस वर्ष नवरात्र का आयोजन विशेष रहेगा, क्योंकि चतुर्थी तिथि दो दिन पड़ने के कारण पूजा दस दिनों तक चलेगी। हर दिन विशेष अनुष्ठान, हवन और संकीर्तन का आयोजन होगा। पूजा पंडालों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग माता के दर्शन कर सुख, समृद्धि और शांति की कामना करते नजर आए।
दारू क्षेत्र में श्री श्री दुर्गा पूजा समिति दारू, सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति दारू ,सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति झुमरा सहित कई पंडालों में पूजा का शुभारंभ हुआ। इसके अलावा घर-घर में भी श्रद्धालुओं ने कलश स्थापना कर माता रानी का आह्वान किया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का वातावरण है। पंडालों में माँ दुर्गा के जयकारों और भक्ति गीतों की गूंज से चारों ओर आस्था का माहौल छा गया है। श्रद्धालु उत्साह और श्रद्धा के साथ नवरात्रि महापर्व को मनाने में जुट गए हैं।