रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए मत्स्य विभाग के अधिकारी

REPORT BY: Gaurav Mishra Fri, 18 Jul 2025 1:05 pm (IST)
मत्स्य विभाग के दो अधिकारी 50 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
प्रातः आवाज
जमुई। शुक्रवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने जमुई में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मत्स्य विभाग के दो अधिकारियों को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह छापेमारी जिला समाहरणालय से मात्र 50 मीटर की दूरी पर स्थित मत्स्य कार्यालय में की गई। गिरफ्तार अधिकारियों में मत्स्य विकास पदाधिकारी राजीव कुमार और जिला मत्स्य प्रसार पदाधिकारी अभय कुमार शामिल हैं। दोनों पर मछली पालन योजना के अंतर्गत लाभुक से सरकारी अनुदान दिलवाने के एवज में 1.5 लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। सूत्रों के अनुसार, सोनो प्रखंड के भेलवा मोहनपुर गांव निवासी तुलसी यादव ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें मछली पालन योजना के तहत मिलने वाली सरकारी राशि में से अधिकारियों द्वारा भारी घूस मांगी जा रही है। शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद निगरानी विभाग की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया और शुक्रवार को पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए दोनों अधिकारियों को रंगेहाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों अधिकारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। निगरानी टीम ने जानकारी दी कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें पटना ले जाया जाएगा।
इस कार्रवाई से जिला प्रशासन और सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। समाहरणालय परिसर एवं मत्स्य कार्यालय के आसपास पूरे दिन अफरा-तफरी और चर्चा का माहौल बना रहा।